छापेमारी करते हुए पुलिस ने नकली गुटखा फैक्ट्री पकड़ी है। संचालक को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस ने निर्मित,अर्द्धनिर्मित गुटखा व गुटखा बनाने की सामग्री,रैपर आदि बरामद किये हैं।
पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा नशीले पदार्थों का उत्पाद/बिक्री करने वाले अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक के नेतृत्व में गुरुवार की शाम थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अवैध गुटखा निर्माण करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि थाना कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि रब्बानिया नगर निवासी बाबूलाल अपने मकान में अवैध गुटखा का निर्माण करता है। सूचना का संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा टीम के साथ मौके पर छापेमारी करते हुए अवैध गुटखा का निर्माण करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त बाबूलाल पुत्र मधुसूदन निवासी रब्बानिया नगर थाना कोतवाली नगर ने बताया कि वह पिछले काफी समय से अपने मकान में अवैध गुटखा तैयार कर रहा था। माल तैयार होने के बाद उसे आस-पास के क्षेत्र में सप्लाई करता था। उसने यह भी बताया कि उसकी गुटखा निर्माण में प्रयुक्त मशीन कुछ समय पूर्व शॉर्ट सर्किट के कारण जल गई थी। जिसे उसने कबाड़ में बेच दिया था और वह पुनः नई मशीन लगाने की तैयारी कर रहा था। अभियुक्त के घर से 4 बोरी नकली गुटका निर्माण में प्रयुक्त की जाने वाली सुपाड़ी 175.5 किलोग्राम,2 बोरी तम्बाकू 68 किलोग्राम,3 बोरी निर्मित/अपमिश्रित 69 किलोग्राम,02 बोरी अलग-अलग कम्पनी के पाउच 35.5 किलोग्राम बरामद हुए हैं। पकड़ने वाली टीम में कालू कुआ चौकी प्रभारी प्रीत पांडे,उप निरीक्षक रश्मि तथा आरक्षी सौरभ कुमार शामिल रहे।