बदांयू-घर में डकैती डालने वाले बदमाशों से हुई मुठभेड़,तीन के लगी गोली

SHARE:

किसान के घर में डकैती डालने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया है। जिनमे से तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है। वहीं सिपाही भी घायल हो गया है।
बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में किसान निजाकत के घर हुई 19 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया। सोमवार देर रात चंदौसी रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी संभल और दो हापुड़ के रहने वाले हैं। मुठभेड़ के दौरान संभल के गांव जनेठा निवासी किशनपाल, प्रतापपुर निवासी मनोज और हापुड़ निवासी भूरा के पैर में गोली लगी है। इनके दो साथी दीपक और ओमवीर कॉम्बिंग के दौरान पकड़े गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती में लूटे गए जेवरात बरामद किए हैं। तीन तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं। बीते मंगलवार को इस्लामनगर थाना क्षेत्र में किसान निजाकत के घर सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 19 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए थे। विरोध करने पर परिवार को बुरी तरह पीटा था। घटना के बाद से पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश चंदौसी रोड की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया। अन्य दो आरोपियों को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों और घायल सिपाही अनुज चौधरी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। एसएसपी का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment