खरीद केन्द्रों में पूरी तरह से पारदर्शिता रखे जाने के कमिश्नर ने निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि किसानों को बेवजह बिल्कुल न परेशान किया जाए। अगर शिकायती मिली तो वह कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त अजीत कुमार ने बी-पैक्स मऊ स्थित गेहूँ क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया, जहां खरीद व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। किसानों ने बताया कि उनका गेहूँ समय से खरीदा जा रहा है तथा भुगतान भी समय पर प्राप्त हो रहा है। आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी क्रय केन्द्रों पर पारदर्शी व्यवस्था, पर्याप्त संसाधन, सुरक्षित भंडारण एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, रामनगर का औचक निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई, पेयजल, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सकों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। आयुक्त ने हेल्थ एटीएम मशीन की कार्यप्रणाली का परीक्षण कर उसकी सराहना की तथा मरीजों को इसके उपयोग हेतु जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी रोस्टर का सार्वजनिक प्रदर्शन, सीसीटीवी व्यवस्था एवं एम्बुलेंस सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण तथा शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को बेहतर एवं भरोसेमंद सेवाएं प्राप्त हो सकें।