शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नही होनी चाहिए। सभी शिकायतों का समय से निस्तारण कराएं। उपरोक्त निर्देश कमिश्नर ने आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान दिए।
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार ने तहसील मऊ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप महानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. के साथ प्रतिभाग कर जनसुनवाई की। इस दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। समाधान दिवस में 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आयुक्त ने उपजिलाधिकारी मऊ को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करते हुए सात दिवस के भीतर आख्या आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। तहसील दिवस के दौरान विद्युत विभाग के अवर अभियन्ता द्वारा दो प्रकरणों में लापरवाही पाए जाने पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान करने के निर्देश दिए। डीआईजी राजेश एस. ने कहा कि पुलिस से संबंधित जितनी भी शिकायतें हैं उन्हें समय से निस्तारित करें, अगर लापरवाही बरती गई तो संबंधित के विरुद्ध वह कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।