मंगेतर के सामने युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। भाजपा नेता ने आरोपी को भगाने में मदद की थी।
फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ खेत में उसके ही मंगेतर के सामने दुष्कर्म व सामूहिक छेड़खानी की घटना को भाजपा कार्यकर्ता बबलू सिंह, युवराज और ललित ने अंजाम दिया था। इस मामले में भाजपा कार्यकर्ता बबलू से यारी निभाने में भाजपा के मंडल अध्यक्ष जुगेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा बबलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सात टीम जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं। सामूहिक छेड़खानी व दुष्कर्म का मामला लगातार सोशल मीडिया में छाया हुआ है। विपक्षी पार्टी लगातार इस मामले को जातीय रूप देकर वोट बैंक साधने की तैयारी कर रही हैं। आरोपी व पीड़िता दोनों ही पिछड़ी जाति के हैं। तीन दिन पहले तक समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर आरोपी के सजातीय होने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी न करने की बात कही थी। इसके बाद में पुलिस ने सोशल मीडिया पर जवाब दिया कि आरोपी व पीड़िता दोनों ही पिछड़ी जाति के हैं।
आरोपी को भगाने में मंडल अध्यक्ष ने की मदद
इसके बाद मामले ने लगातार तूल पकड़ा हुआ है। वहीं, पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी बबलू को भगाने में मंडल अध्यक्ष जुगेश सिंह ने 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। इसके बाद वह भाग गया था। जांच में पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मंडल अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया है।