रुपये के लेनदेन में पड़ोसी ने आभूषण कारीगर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दोनों पैर में गोली लगी है।
जानकारी के अनुसार बबेरू कस्बा के दूल थोक निवासी तेजप्रकाश की पड़ोसी असलम ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया असलम ने फोन करके तेजप्रकाश को बुलवाया था। बाइक से तेजप्रकाश कस्बे के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचा। वहां दोनों ने बैठकर शराब पी। इसी बीच असलम ने तमंचे से तेजप्रकाश को गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ। मृतक आभूषण कारीगरी का काम करता था। इसके अलावा वह भवन निर्माण का ठेका भी लेता था। ठेका लेने के बाद वह पड़ोसी असलम को काम दे देता था। दोनों करीबी दोस्त थे। असलम व तेजप्रकाश के बीच पैसे का लेनदेन था। इसी को लेकर दोनों में शराब पीने के दौरान कहासुनी हुई। इसी बीच असलम ने तमंचा निकाला और गोली मार दी। सूचना के मिलते ही एसपी पलाश बसंल ने सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक बबेरू राजेंद्र सिंह राजावत,एसओजी प्रभारी आंनद कुमार सिंह की अलग-अलग टीमे लगाई। इसी बीच टीम को मुरवल रोड स्थित मुरहा मोड़ के पास आरोपी के मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के मिलते पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते आरोपी ने पुलिस टीम पर भी फायर झोंक दिया। जिससे टीम बाल बाल बच गई। जवाबी फायरिंग में असलम के दोनों पैर में गोली लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन में गिर पड़ा। दबोचने के बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मुंबई में भी दोनों ने मिलकर लिया था काम
मृतक तेजप्रकाश सोनी व आरोपी असलम का गहरा याराना था। कई साल पहले दोनों ने मुंबई में एक काम लिया था। असलम का कहना है कि तेजप्रकाश मुम्बई से पैसा लेकर चला आया था। कई बार उसने तेजप्रकाश से पैसे मांगे। लेकिन वह पैसे देने में आनाकानी कर रहा था। इसी खुन्नस के चलते उसने तेजप्रकाश की हत्या करने का प्लान बनाया। पूरे प्लान के तहत शराब पिलाने के बहाने उसे बुलवाया। शराब पिलाने के बाद उसके उसकी हत्या कर दी।