आपसी विवाद में दो भाइयों की हत्या हो गई।फसल बंटवारे के विवाद में मझले भाई ने बड़े भाई की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। वहां मौजूद पिता व छोटे भाई ने पीट-पीटकर आरोपी की हत्या कर दी। सूचना पर सीओ थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जहां अधिकारियों ने घटना का जायजा लिया।
यूपी के जालौन के रामपुरा में रामपुरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर जागीर निवासी जय नारायण चतुर्वेदी (70) के तीन बेटे थे। सभी अलग-अलग स्थानों पर रहकर खेती किसानी का काम देखते थे। बड़ा बेटा कैलाश (43) मिर्जापुर गांव में रहता था। दूसरे नंबर का बेटा जितेंद्र उर्फ अल्लू (33) रामपुरा में रहता था। सबसे छोटा बेटा गुड्डू (26) अंगदेला मडैइयन में रहता है। दो दिन से फसल बंटवारे को लेकर सभी के बीच विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि दूसरे नंबर का बेटा जितेंद्र उर्फ अल्लू बंटवारे से संतुष्ट न होने पर विरोध कर रहा था। सोमवार शाम को खेत में गेहूं की कतराई होनी थी। सभी खेत पर पहुंचे। वहां जितेंद्र भी आ गया और दोनों भाइयों से विवाद करने लगा। बड़े बेटे कैलाश ने इसका विरोध किया तो जितेंद्र उर्फ अल्लू ने तमंचे से गोली मार दी। इससे कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई। जब छोटे भाई व पिता ने यह नजारा देखा तो वह अपना आपा खो बैठे और लाठी-डंडों से पीटकर जितेंद्र की हत्या कर दी। सीओ अंबुज यादव का कहना है कि दो भाइयों की मौत हुई है। जांच की जा रही है। हत्या करने के बाद पिता और छोटे भाई पर भी ताना तमंचा ताना
फसल बंटवारे के विवाद में बड़े भाई की हत्या करने के बाद आरोपी ने पिता जयनारायण और छोटे भाई पर भी तमंचा तान दिया। बेटे की हत्या देख पिता और छोटे भाई का गुस्सा फूट पड़ा। दोनों ने बिना देर किए लाठी-डंडों से आरोपी पर हमला कर दिया। लगातार प्रहार से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।