चित्रकूट-बिना सूचना के गायब मिले चिकित्सक,कमिश्नर ने दिए कार्यवाही के निर्देश

SHARE:

बिना किसी सूचना के चिकित्सक के गैरहाजिर रहने पर कमिश्नर ने वेतन काटे जाने के साथ सीएमओ का जवाब तलब किया है।
आयुक्त अजीत कुमार ने शनिवार को चित्रकूट जनपद के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र,बराहमाफी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र पर केवल फार्मासिस्ट श्याम करण सिंह ही उपस्थित मिले। चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज कुमार के विगत चार दिनों से अनुपस्थित पाए जाने पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताते हुए चिकित्सक का उपरोक्त अनुपस्थित दिवसों का वेतन अवरुद्ध करने एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों एवं स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके उपरांत आयुक्त ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति मानिकपुर स्थित गेहूँ क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेहूँ खरीद कार्य संतोषजनक पाया गया। मौके पर उपस्थित किसानों ने बताया कि उनका गेहूँ समय से खरीदा जा रहा है तथा भुगतान भी निर्धारित समय पर प्राप्त हो रहा है। आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी क्रय केन्द्रों पर इसी प्रकार पारदर्शी खरीद व्यवस्था बनाए रखते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। आयुक्त ने निर्देश दिए कि गेहूँ क्रय केन्द्रों पर पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, किसानों के लिए समुचित व्यवस्था रहे तथा क्रय एवं भुगतान की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं समयबद्ध हो। साथ ही अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने हेतु प्रभावी प्रबंधन एवं सतत निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।गर्मी के दृष्टिगत आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं विद्यालयों में शीतल पेयजल,छाया एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। हीट वेव से बचाव हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाने एवं आवश्यकतानुसार राहत उपाय तत्काल लागू करने पर भी जोर दिया गया।आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण तथा शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। जिससे आमजन को बेहतर एवं भरोसेमंद सेवाएं प्राप्त हो सकें।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई