फरियादियों को बार-बार आने के लिए विवश न करें। उनकी शिकायतों का एक ही बार मे निस्तारित करते हुए पीड़ितों को भी संतुष्ट करें। उपरोक्त निर्देश कमिश्नर ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों को दिए।
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बाँदा अजीत कुमार,डीआईजी राजेश एस ने चित्रकूट जनपद के तहसील मानिकपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई की। फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए कमिश्नर तथा डीआईजी ने कई शिकायतें निस्तारित भी की। समाधान दिवस में लगभग 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आयुक्त ने उपजिलाधिकारी मानिकपुर को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करते हुए सात दिवस के भीतर आख्या आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह नियमित क्षेत्र भ्रमण कर जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए,जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो। डीआईजी राजेश एस ने पुलिस से सम्बंधित मामलों को समय से निस्तारित किये जाने के लिए निर्देशित किया।