ऑपरेशन दहन के अंतर्गत नारकोटिक्स से सम्बन्धित जब्त माल एवं माल मुकदमाती वाहनों के निस्तारण की कार्यवाही में तेजी लाने के एएसपी ने निर्देश दिए हैं।
शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज द्वारा पुलिस लाइन में समन सेल,मॉनिटरिंग सेल सहित जनपद के समस्त थानों के नोडल अधिकारी,समस्त पैरोकार,कोर्ट मुहर्रिर, समन सेल तथा सीसीटीएनएस आदि के साथ बैठक की। जिसमें जनपद के न्यायालयों से अधिक से अधिक ई-समन जारी कराए जाने हेतु एएसपी शिवराज के द्वारा कोर्ट मोहऱिर एवं पैरोकारों को निर्देशित किया गया।जिससे समन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाया जा सके। प्राप्त ई-समन की तामीला सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) के संबंध में सभी को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत चिन्हित मुकदमों एवं चिन्हित माफिया से संबंधित मामलों के साथ-साथ सभी प्रकार के अभियोगों में गवाहों की समय से न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया । इसके लिए गवाहों से पूर्व में संपर्क स्थापित कर उनकी उपस्थिति एवं गवाही सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया ।रिमांड,जमानत आदि प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वह समय से न्यायालय में समस्त आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें। साथ ही ऑपरेशन दहन के अंतर्गत नारकोटिक्स से सम्बन्धित जब्त माल एवं माल मुकदमाती वाहनों के निस्तारण की कार्यवाही को और अधिक तेज एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। जिससे की न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी,समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाकर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके। एएसपी ने कहा निस्तारण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कि जायेगी।