चित्रकूट-जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त-अजीत

SHARE:

गेहूं क्रय केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुचारू खरीद,समयबद्ध भुगतान एवं किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के कमिश्नर ने निर्देश दिए है।
कमिश्नर अजीत कुमार एवं (नोडल अधिकारी) की अध्यक्षता में जनपद चित्रकूट में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर उन्हें अधिक प्रभावी बनाना तथा कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करना रहा। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त, जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त अजीत कुमार ने विभागवार समीक्षा करते हुए योजनाओं की गुणवत्ता,पारदर्शिता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तथा स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने,खराब ट्रांसफार्मरों की त्वरित मरम्मत तथा जर्जर विद्युत लाइनों के प्रतिस्थापन के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी आवास के ऊपर से हाइटेंशन लाइन न गुजरने पाए तथा विद्युत बिलों में त्रुटियों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। जल निगम (ग्रामीण) को “हर घर जल” योजना के अंतर्गत शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने एवं पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर विकास एवं पंचायतीराज विभाग को स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, कूड़ा निस्तारण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था एवं ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग को स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति, विद्यालयों में शिक्षक उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु प्रभावी कार्यवाही करने को कहा गया। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने,वितरण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा कालाबाजारी पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गेहूं क्रय केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुचारू खरीद,समयबद्ध भुगतान एवं किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के कमिश्नर ने निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पशुपालन, ग्राम्य विकास,पर्यटन तथा खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन,
पात्र लाभार्थियों को समय से लाभान्वित करने,पर्यटन स्थलों के विकास को गति देने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त अजीत कुमार ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने,अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक के उपरांत आयुक्त के द्वारा जनपद चित्रकूट के ग्राम पंचायत अकबरपुर (ब) में ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। ग्रामीणों द्वारा पेयजल, सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य एवं अन्य ग्राम स्तरीय सेवाओं से संबंधित समस्याएं बताई। जिनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को कमिश्नर ने आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम चौपाल के दौरान ग्राम प्रधान द्वारा जनहित में बारात घर निर्माण,राजकीय हाईस्कूल की स्थापना,मुख्य सड़क के चौड़ीकरण,महिलाओं हेतु सिलाई केंद्र की स्थापना तथा पात्र ग्रामीणों को पेंशन एवं आवास योजनाओं से लाभान्वित कराने की मांगें प्रस्तुत की गईं। इस संबंध में आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उक्त प्रस्तावों का परीक्षण कर जिलाधिकारी के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराई जाए।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment