परिजनों से नाराज होकर आत्महत्या का प्रयास करने जा रहे युवक की पुलिस टीम ने तत्परता और संवेदनशीलता से जान बचा ली। युवक को सुरक्षित स्थान पर लाकर समझाया-बुझाया गया और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मामला तिंदवारी थाना क्षेत्र के ग्राम अस्करन का है। 15 सितंबर की देर रात युवक के पिता ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनका बेटा घरवालों से नाराज होकर मोटरसाइकिल लेकर घर से चला गया है। फोन पर बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह आत्महत्या करने के उद्देश्य से केन नदी पुल पर खड़ा है। सूचना मिलते ही भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए।
पुलिस टीम केन नदी बाईपास पुल पर पहुंची तो युवक वहां मौजूद मिला। टीम ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ उससे सहानुभूतिपूर्वक बातचीत की और समझाकर उसे मोटरसाइकिल समेत सुरक्षित स्थान पर ले आई। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह घरवालों से नाराज होकर आवेश में आत्महत्या करने के इरादे से पुल पर पहुंचा था।
इसके बाद पुलिस टीम युवक को सकुशल भूरागढ़ चौकी ले आई और परिजनों को सूचना देकर चौकी बुलाया। युवक को परिजनों के सुपुर्द करते हुए पुलिस ने उसे जीवन के महत्व और पारिवारिक दायित्वों के बारे में समझाया। भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने और परिवार के साथ शांतिपूर्वक रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने परिजनों को भी युवक के साथ सहानुभूतिपूर्वक व्यवहार करने, उसकी बात धैर्य से सुनने और आपसी संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने की सलाह दी। किसी भी परेशानी या सहायता की आवश्यकता होने पर नजदीकी थाना-चौकी अथवा डायल-112 पर सूचना देने को कहा गया। युवक की जान बचने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया। त्वरित कार्रवाई से बची जिंदगी
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत डायल-112 और थाना मटौंध पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना मिलते ही कार्रवाई की। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और समझाइश से युवक को सुरक्षित बचाकर उसके परिवार को सौंप दिया गया। बचाने वाली पुलिस टीम में यह रहे शामिल
अरविंद कुमार, चौकी प्रभारी भूरागढ़, कांस्टेबल अनुज यादव,चौकी भूरागढ़, कांस्टेबल टिंकू मौर्या,चौकी भूरागढ़;कांस्टेबल नागेंद्र सिंह, डायल-112; कांस्टेबल गौतम प्रसाद, डायल-112; कांस्टेबल चालक महेंद्र सिंह, डायल-112; होमगार्ड घनश्याम तिवारी, डायल-112। परिवार ने जताया पुलिस का आभार
पुलिस टीम की तत्परता, धैर्य और संवेदनशीलता से युवक की जान बचने पर उसके परिजनों ने पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।