यूपी एटीएस ने 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर को मुठभेड़ में मार गिराया। एटीएस के मुताबिक, रोकने और गिरफ्तार करने का प्रयास किए जाने पर नक्सली ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के रूप में हुई है। वह झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के लूटू गांव का रहने वाला था और प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) का कमांडर बताया गया है। मुठभेड़ रविवार की भोर में रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान के पास हुई। एटीएस को सूचना मिली थी कि बृजेश अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर एटीएस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, रुकने के बजाय बृजेश बाइक से कूद गया और एटीएस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद एटीएस ने जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने से बृजेश घायल हो गया। उसे तत्काल लालबहादुर शास्त्री अस्पताल, रामनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान बृजेश की ओर से की गई फायरिंग में यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए गए हैं।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। मौके से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए हैं। बृजेश के वाराणसी पहुंचने, उसके साथ मौजूद व्यक्ति और यहां उसकी गतिविधियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। बृजेश गंझू पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। झारखंड सरकार की ओर से उस पर 25 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। एनआईए के कई मामलों में उसे वांछित बताया गया था।
बृजेश को टीपीसी का प्रमुख कमांडर बताया गया है। मुठभेड़ के दौरान उसके साथ मौजूद साथी के संबंध में भी सुरक्षा एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं। 30 लाख रुपये का इनाम: बृजेश गंझू पर झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख और एनआईए की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। एटीएस कर्मी सुरक्षित: मुठभेड़ के दौरान डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, दोनों सुरक्षित रहे। वहीं मामले की पड़ताल टीम द्वारा जारी है।