अवैध सम्बंध होने के बाद से भांजा अपने मामा को रास्ते से हटाना चाहता था। जब उसने मामा का गला रेता,तो उस दौरान पत्नी अपने पति के पैर पकड़े हुई थी।
यूपी के शाहजहांपुर जिले के पुवायां में अवैध संबंधों के जुनून में मामी ने भांजे के साथ मिलकर पति बलराम की बेरहमी से हत्या कर दी। आदेश के गांव सलेमपुर डर्रा के एक व्यक्ति ने फोन पर बताया कि भांजे आदेश की मामी पूजा एक बार गांव आई थी। इस दौरान उसके आदेश से अवैध संबंध हो गए थे। इसके बाद पूजा आदेश के साथ रहने की जिद करने लगी। लोगों ने उसे बमुश्किल घर भेजा।
इसके बाद आदेश उसे फिर ले आया, तब भी लोगों ने पंचायत कर पूजा को घर भेज दिया। तीसरी बार आदेश के साथ आने पर पुलिस आकर पूजा को ले गई। पूजा ने पुलिस को बताया है कि वह एक बार आदेश से गर्भवती भी हो चुकी है, लेकिन गर्भपात करा दिया था। तीन बार भांजे के साथ जाने के बाद भी बलराम पूजा को साथ रखने के लिए तैयार हो गया था। बलराम की हत्या के बाद हिरासत में ली गई पत्नी पूजा ने पूछताछ में पुलिस को रात में हुई वारदात की जानकारी दी। पूजा के अनुसार उसने पति के पैर दबोचे और आदेश ने पति का चाकू से गला रेत दिया था। उसके दो साथियों ने हाथ पकड़े थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पूजा पुलिस को लगातार गुमराह करती रही और बार-बार बयान बदलती रही। पति की हत्या में फंसने के बाद वह अपने को बचाने के लिए पूरा आरोप आदेश पर मढ़ती रही। पूजा ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी 10 वर्ष पहले बलराम से हुई थी।
साल भर से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पूजा का भांजे आदेश से उसका प्रेम प्रसंग एक साल पहले शुरू हुआ। इस दौरान आदेश ने कई बार पूजा से कहा कि वह मामा की हत्या कर देगा, इसके बाद वह आराम से उसके साथ रह सकती है। पूजा के अनुसार उसने हर बार आदेश को हत्या करने से मना किया। पूजा के अनुसार उनकी बड़ी पुत्री रात में गांव में कथा सुनने गई थी। इस कारण उसने दरवाजा खुला छोड़ दिया, सोचा था कि पुत्री आकर दरवाजा बंद कर देगी। घर के बरामदे में बलराम चारपाई पर और वह पास में ही पुआल पर सोई थी। आदेश दो अन्य लोगों के साथ रात 12 बजे आया और दरवाजा खुला होने के कारण घर में घुस आया। पूजा के अनुसार आदेश अपने मामा की हर हाल में हत्या करना चाहता था। मजबूरन उसे भी साथ देना पड़ा। उसने पति के पैर दबोचे और दो अन्य लोगों ने हाथ पकड़ लिए। इसके बाद आदेश ने चाकू से पति का गला रेत दिया। इसके बाद आदेश और उसके साथी मौके से चले गए। पूजा के अनुसार आदेश के घर में घुसने के समय पति बलराम जाग रहा था और रजाई सिर पर ओढ़कर मोबाइल चला रहा था। पूजा ने पुलिस को बताया कि पति की हत्या के बाद उसे गहरा पछतावा हुआ। पूरी रात वह पति के शव के पास बैठी पछतावा करती रही। रात होने के कारण उसने किसी को पति की हत्या की जानकारी नहीं दी और खुद को फंसने से बचाने की बात सोचती रही। सुबह देवर राजू के आने पर उसने पति की हत्या की बात कहते हुए रोना शुरू कर दिया। हालांकि परिजनों को बलराम की हत्या का शक पत्नी व भांजे पर ही था। जिस पर पुलिस ने पूजा को घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया था।