घर से बुलवाकर हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी भाग खड़े हुए। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है।
प्रयागराज के मुट्ठीगंज इलाके में एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सक्षम शर्मा की (25) पर कई मामले दर्ज थे। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल सक्षम को पहले एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां इलाज नहीं मिला, जिसके बाद उसे बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां का आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर विमल और कमल ने सक्षम को घर से बुलाया और गली में ले जाकर गोली मार दी। परिजनों के मुताबिक मार्च महीने में भी सक्षम पर जानलेवा हमला हुआ था। उस मामले में बृहस्पतिवार को बयान दर्ज होना था, लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मुट्ठीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि इस पर कई एफआईआर दर्ज हैं। कुछ माह पहले आगजनी की घटना में भी सक्षम का नाम सामने आया था। हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।