नोएडा-पिता का आरोप,यातनाएं देने के बाद बेटी को छत से फेंका

SHARE:

दीपिका कांड में पति,सास ससुर सहित चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं नामजद अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है। पिता का आरोप है कि बेटी को यातनाएं देने के बाद पहले उसकी हत्या की गई। इसके बाद उसे छत से फेंक दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने विवाहिता दीपिका नागर की दहेज हत्या के आरोप में सास पूनम और चाचा ससुर विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। मामले में पति और ससुर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की चार टीमें अलग-अलग जगह पर उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं। जलपुरा गांव में 17 मई की रात विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना में मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर पति समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख नकद की मांग कर रहे थे। दहेज नहीं देने पर दीपिका को प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने 18 मई को पति रितिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि मंगलवार रात चाचा ससुर विनोद और बुधवार को सास पूनम को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मामले में अभी तीन आरोपी फरार हैं। इनमें दो ननद तन्नी व नेहा और चाचा ससुर प्रमोद शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की तलाश में चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। कुड़ीखेड़ा गांव निवासी दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव निवासी रितिक के साथ हुई थी। दीपिका के पिता का आरोप है कि हत्या करने के बाद उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपिका के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। पीएम रिपोर्ट की चोटों के हिसाब से दीपिका को यातना दी गई थी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment