पड़ोसी देश नेपाल के बालेन्द्र शाह ने देश के 47वीं प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। एक दिन पहले वह संसदीय दल के नेता चुने गए थे।
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में आज से नए युग की शुरुआत हो गई है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेंद्र शाह को आज नेपाल का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। जिसके बाद बालेंद्र शाह को पीएम पद की शपथ दिलाई गई। बालेंद्र शाह नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री बन गए हैं। नेपाली मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने बालेंद्र शाह को पीएम नियुक्त किया। जिसके बाद बालेंद्र शाह ने नेपाल के नए प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार के लिए 14 मंत्रियों के नाम फाइनल किए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सुदन गुरुंग को देश का नया गृह मंत्री बनाया जा सकता है। जेन जी आंदोलन से चर्चा में आए गुरुंग, गोरखा-2 सीट से चुनाव जीतकर सदन पहुंचे हैं। एक दिन चुना गया था संसदीय दल का नेता
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने शुक्रवार को काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी के पूर्व मेयर शाह बालेंद्र शाह को संविधान के आर्टिकल 76(1) के तहत इस पद पर नियुक्त किया। गुरुवार को आरएसपी ने शाह को अपने संसदीय दल का नेता चुना, जिससे उनके देश के 47वें प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। आरएसपी ने हाल के संसदीय चुनावों में लगभग दो-तिहाई बहुमत से बड़ी जीत हासिल की थी। बालेंद्र शाह ने शुक्रवार दोपहर 12:34 बजे राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। पद और गोपनीयता की यह शपथ हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर सात शंखनादकों ने शंख ध्वनि के साथ मांगलिक शुरुआत की। परंपरा के अनुसार, शुभ कार्यों के आरंभ में शंखनाद को सफलता और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है।