टाटा कंपनी के कैरटलेन डायमंड शोरूम में हुई करोड़ो रूपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक ही परिवार के पांच लोगों को पकड़ा है। मास्टरमाइंड कबाड़ी बनकर दुकान की रेकी की। इसके बाद चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
सहारनपुर जनपद में दिल्ली रोड स्थित टाटा कंपनी के कैरटलेन डायमंड शोरूम में 22 जनवरी की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी को एक चोर ने मास्क लगाकर अंजाम दिया था। जो दीवार काटकर शोरूम के अंदर दाखिल हुआ था।एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि मुख्य आरोपी इरशाद उर्फ काला ने करीब एक महीने तक कबाड़ी के वेश में शोरूम की रेकी की थी। मौसम खराब होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। थाना सदर बाजार, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने रेलवे की छोटी लाइन के पास से इरशाद उर्फ काला, दिलशाद,सलमा,सीमा और काली को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी आपस में परिजन बताए जा रहे है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नौ नेकलेस,67 ब्रेसलेट,17 मंगलसूत्र,32 जोड़ी ईयररिंग,दो गले के सेट, 18 पेंडेंट,तीन चार्म्स,90 अंगूठियां,32 चेन, 11 चूड़ियां,40 अन्य सोने के आभूषण और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी की कुल कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। मास्टरमाइंड इरशाद पर दर्ज है 27 मुकदमे
पूछताछ में मुख्य आरोपी इरशाद उर्फ काला ने कबूल किया कि वह पेशेवर चोर है। उसके खिलाफ चोरी,गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 27 मामले दर्ज हैं। चोरी के आभूषणों को अन्य राज्यों में बेचने में उसके परिजन भी बराबर का सहयोग करते थे। लेकिन इस बार वह जेवरात बेंचने में सफल नहीं हो पाया। बेचने से पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।