गोतस्करों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें सरगना गोली लगने से घायल हो गया। वहीं अन्य दो साथियों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र में गो तस्करों की सूचना पर पुलिस ने वाहन चेकिंग लगाई। चेकिंग के दौरान पुलिस की उनसे मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में एक तस्कर को बाएं पैर में गोली लगी है। उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक अंधेरे में भाग निकला। असोहा-कालूखेड़ा मार्ग पर चंदनखेड़ा पुल के पास सोमवार रात पुलिस टीम स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ गो तस्करों की तलाश में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक पर सवार तीन गोतस्कर कालूखेड़ा से असोहा की ओर आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बचने के प्रयास में गो तस्करों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। रास्ते में बाइक फिसल कर गिर गई। यह देख एक तस्कर ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी। एक आरोपी के बाएं पैर पर गोली लगी और घेराबंदी कर दूसरे आरोपी को पकड़ा गया। अंधेरे का फायदा उठाकर तीसरा मौके से भाग निकला।
घायल तस्कर ने अपना नाम रफीक गांव कुइथर थाना दही का रहने वाला बताया। घायल का असोहा सीएचसी में इलाज कराया गया। दूसरा मनमोहन निवासी शिवगढ़ बताया। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपों के पास से मोबाइल, बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। यह गो तस्कर छुट्टा मवेशियों को एक जगह एकत्र कर रात में लोड कर ले जाते थे। रफीक के ऊपर उन्नाव और लखनऊ जिले के विभिन्न थानों मे एक दर्जन गोवध और गिरोहबंद अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। अगर अन्य के नाम सामने आएंगे। तो उन पर भी कार्यवाही की जायेगी।