बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और रसड़ा से विधायक रहे उमा शंकर सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। वह गुरुवार को लखनऊ स्थित उनके आवास पहुंचीं, जहां पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत नेता के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उमा शंकर सिंह के आवास पर सुबह से ही पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। मायावती कुछ देर तक वहां रहीं और परिजनों के साथ शोक संवेदना व्यक्त की। बसपा नेताओं ने बताया कि उमा शंकर सिंह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन से पूर्वांचल में पार्टी संगठन को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जमीन से जुड़े, सादगीपूर्ण और समर्पित नेता के रूप में याद किया। उमा शंकर सिंह का राजनीतिक जीवन बसपा के साथ लंबे समय तक जुड़ा रहा। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे। जनता के बीच उनकी सहज उपलब्धता और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कारण उनकी अलग पहचान थी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बसपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।