लखनऊ-14 साल के बाद टूटने की कगार पर पहुंचा रिश्ता,प्रतीक ने अपर्णा यादव को बताया घर तोड़ने तथा मतलबी,स्वार्थी,सत्ता के लिए महत्वाकांक्षी महिला

SHARE:

प्रतीक तथा अपर्णा यादव का रिश्ता अब खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है। जिसकी वजह राजनीति ही बताई जा रही है।
करीब ढाई दशक पहले शुरू हुई सपा मुखिया अखिलेश के भाई प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी अब खत्म होने के कगार पर है। पहले करीब आठ साल रिलेशनशिप और फिर 14 वर्षों से पति-पत्नी के रूप में रह रहे प्रतीक-अपर्णा की राहें जुदा होने वाली हैं। इस खबर ने उस समय सनसनी फैलाई जब @iamprateekyadav नाम के इंस्टा अंकाउट से सोमवार को एक पोस्ट की गई। इसमें अपर्णा से तलाक का एलान था। देखते ही देखते खबर प्रदेश की सबसे बड़ी सुर्खी बन गई। बनना भी था, क्योंकि दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र के दिग्गज हैं। अपर्णा यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं, तो प्रतीक का अपना बिजनेस और जिम वगैरह हैं। इससे भी बड़ी बात की वह दिवंगत मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं, और सपा मुखिया अखिलेश यादव के भाई हैं। बॉलीवुड में तलाक एक आम बात होगी, लेकिन रातनीतिक रसूख रखने वाले घरों में तलाक की बात आम नहीं हैं। हैरानी वाली बात यह है कि प्रतीक ने जिस भाषा में पोस्ट लिखी है, वह हम आपको पढ़कर तो नहीं सुना सकते, लेकिन उसमें उनका दर्द साफ झलक रहा है। उन्होंने अपर्णा को घर तोड़ने वाला, मतलबी.. स्वार्थी, सत्ता के लिए महत्वाकांक्षी महिला बताया। इंस्टाग्राम अकाउंट से की गई पोस्ट में प्रतीक ने लिखा कि उनका दुर्भाग्य था कि उनकी शादी अपर्णा से हुई। उन्होंने उनके पारिवारिक संबंध तोड़ दिए। उन्हें मानसिक रूप से बेहद परेशान कर दिया है। पोस्ट सामने आई तो इसके असली और नकली होने की बातें होने लगीं। कहा जाने लगा कि शायद अकाउंट हैक हो गया है। अपर्णा के भाई ने मीडिया को यह बताया भी कि उकाउंट हैक हो गया है। इसकी शिकायत की जा रही है। लेकिन, इसके कुछ घंटे बाद ही आई एक दूसरी पोस्ट ने लोगों को फिर चौंका दिया। इसमें प्रतीक ने बच्चों की कसम खाते हुए अपर्णा को जिंदगी में देखी गई ‘सबसे बड़ी झूठी महिला’ बताया। आरोप दोहराए कि उन्होंने परिवार से रिश्ते खत्म करा दिए हैं। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर अपर्णा यादव की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वह और उनके करीबी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं। तलाक विवाद के बीच अपर्णा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भाजपा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव से जुड़ा एक वीडियो साझा किया गया है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि निजी विवाद के बावजूद वह राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।
सैफई में हुआ था विवाह
यहां बताते चलें कि प्रतीक यादव (38) और अपर्णा यादव (36) का प्रेम-विवाह 4 दिसंबर 2011 को मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में बेहद भव्य समारोह में हुआ था। इससे पहले दोनों के बीच लगभग 10 साल तक रिश्ता रहा। स्कूली दिनों में शुरू हुई यह दोस्ती प्रेम में बदली और फिर यादव परिवार की चर्चित शादी बनी। लेकिन, अब 14 साल बाद यह रिश्ता टूटने की कगार पर खड़ा है। दोनों लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास में रहते थे। हालांकि, जिस दिन तलाक की पोस्ट सामने आई, उस दिन अपर्णा यादव चेन्नई में थीं, जबकि प्रतीक यादव विदेश में बताए जा रहे हैं। प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं और अखिलेश यादव के सौतेले भाई हैं। अपर्णा यादव मुलायम परिवार की छोटी बहू हैं। उनके दो बच्चे भी है। दोनों के बीच खटास सपा छोड़कर भाजपा में आने के बाद से शुरू हो गई थी। लेकिन अब विवाद खुलकर सामने आ गया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment