लखनऊ-कारतूस की फर्जी बिक्री के मामले में 170 लाइसेंस निरस्त,जांच में सामने आया गड़बड़झाला

SHARE:

उत्तर प्रदेश के तीन जिलों में फर्जी कारतूस बिक्री किये जाने का मामला सामने आया है। जांच के बाद 170 गन लाइसेंस निरस्त किए गए है।
रेंज के जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर जिलों में फर्जी नाम-पते पर कारतूस बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण की जांच में इस मामले का खुलासा हुआ है। तीनों जिलों के लिए गठित 17 टीमों की जांच में अभिलेखों और वास्तविक खरीदारों के बीच बड़े पैमाने पर अंतर मिला है। लाइसेंसी शस्त्र दुकानों से 2490 कारतूस संदिग्ध तरीके से बेचे गए। इस मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि हर्ष फायरिंग और नियम विरुद्ध उपयोग के मामलों में 170 शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।
फर्जी तरीके से बेचे 1111 कारतूस
चंदौली में गन हाउसों के सत्यापन में अनियमितता सामने आई है। जांच में पाया गया कि दो गन हाउसों ने सालभर में 14 व्यक्तियों को 1111 कारतूस बेचे। पुलिस ने दोनों गन हाउसों के अनुज्ञापियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा चार गन हाउस संचालकों ने वर्ष 2021 के बाद नवीनीकरण नहीं कराया है। मानक से अधिक कारतूस खरीदने के आरोप में तीन शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने 88 शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, जिले में संचालित चंदौली गन हाउस की अनुज्ञापी पूनम सिंह है। इस गन हाउस से 1,061 कारतूस नौ व्यक्तियों को बेचे गए, जिनके नाम और पते जांच में फर्जी पाए गए। वहीं, पीडीडीयू नगर स्थित मालती गन हाउस के गन हाउस से 50 कारतूस पांच व्यक्तियों को बेचने का रिकॉर्ड दर्ज है। रजिस्टर में इनके नाम और पते भी फर्जी निकले। पुलिस ने दोनों गन हाउसों के अनुज्ञापियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इसके अलावा, इन दोनों गन हाउसों का नवीनीकरण 2021 के बाद नहीं हुआ था। जांच में यह भी पता चला कि सालभर के अंदर शस्त्र लाइसेंस धारक मोहम्मद कल्लू (ग्राम बड़गांवा, थाना शहाबगंज) ने 160, जितेंद्र सिंह (ग्राम चौथी, थाना भभुआ, कैमूर, बिहार) ने 125 और मुकुंद रावत (चैनपुर, भभुआ, बिहार) ने 399 कारतूस खरीदे थे, जिनका उपयोग नियमों के खिलाफ किया गया। इसके साथ ही, जीएस गन हाउस (पड़ाव, पीडीडीयू नगर) और वीर गन हाउस (चंदौली) का नवीनीकरण 2021 के बाद नहीं हुआ था। इन गन हाउसों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
साल भर नहीं खरीदी एक भी कारतूस,फिर भी 960 कारतूसों का दर्ज है रिकॉर्ड
जौनपुर के केराकत स्थित राजपूत गन हाउस से तीन व्यक्तियों को 240, 230 और 210 कारतूस बेचे जाने का रिकॉर्ड दर्ज था लेकिन जांच में पाया गया कि एक भी व्यक्ति ने कारतूस नहीं खरीदे। इस पर अनुज्ञापी कैलाशनाथ सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, कोतवाली क्षेत्र के जयहिंद गन हाउस के अभिलेखों में प्रयागराज निवासी एक व्यक्ति को 280 कारतूस बेचने का रिकॉर्ड दर्ज था लेकिन जांच में ये भी गलत पाया गया। इस मामले में भी अनुज्ञापी अरुण कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसी तरह शाहगंज स्थित पांडेय गन हाउस का लाइसेंस 2011 के बाद से रिन्यू ही नहीं हुआ। इस पर पांडेय गन हाउस का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है और दुकान में जमा 11 शस्त्रों को थाने में जमा कराया गया। वैभव कृष्ण, पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी रेंज ने कहा कि शस्त्र और कारतूस की बिक्री में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। सत्यापन का काम जारी रहेगा, नियमों को तोड़ने और हेराफेरी करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment