युवती को साथ ले जाने को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसियों के बीच हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि गोली लगने से दूसरा घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
लखीमपुर खीरी के पढ़ुआ थाना क्षेत्र के दुलही गांव में करीब चार दिन पहले इदरीश पर पड़ोसी की बहन को अपने साथ ले जाने का आरोप लगा था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने गुरुवार को युवती को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद भी दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे इदरीश ने पड़ोसी अखिलेश को गोली मार दी। इसके बाद उसने अखिलेश के घर के सामने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां इदरीश को मृत घोषित कर दिया गया। अखिलेश का उपचार चल रहा है।
मकान आमने-सामने, युवती को लेकर विवाद के साथ कब्जे को लेकर भी तनातनी
पुलिस के अनुसार दोनों परिवारों के मकान आमने-सामने हैं। युवती को साथ ले जाने की घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया था। परिजनों की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि इदरीश के युवती को साथ ले जाने के बाद उसके मकान पर दूसरे पक्ष ने कब्जा कर लिया था। पुलिस गोलीकांड के पीछे युवती को साथ ले जाने के विवाद के साथ दोनों परिवारों के बीच चल रहे अन्य विवादों की भी जांच कर रही है। पुराने गोलीकांड में भी दर्ज था मुकदमा, सजा पूरी कर करीब एक साल पहले आया था बाहर
ग्रामीणों के अनुसार इदरीश का नाम करीब 15 वर्ष पुराने गोलीकांड में भी सामने आया था। उस मामले में तीन लोगों को गोली मारने के आरोप में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित मुकदमा दर्ज हुआ था। परिजनों के मुताबिक उसे सात वर्ष की सजा हुई थी और करीब एक वर्ष पहले सजा पूरी करने के बाद वह जेल से बाहर आया था। पुलिस पुराने मामले की जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सीओ निघासन शिवम कुमार और पढ़ुआ थाना प्रभारी मोहित पुंडीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि युवती को साथ ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की बात सामने आई है। गोलीकांड में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। पूरे घटनाक्रम और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
गोलीकांड के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस युवती को साथ ले जाने के मामले, दोनों परिवारों के बीच हुए विवाद और शुक्रवार सुबह हुई फायरिंग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।