लखीमपुर खीरी-प्रेम प्रसंग के शक में बेटी के सामने युवक ने की पत्नी की हत्या

SHARE:

बेटी के सामने युवक ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला का किसी युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था। इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया है।
लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी निवासी अंशुल श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी खुशबू (32 वर्ष) की चाकू मारकर हत्या कर दी। खुशबू का मायका और ससुराल कॉलोनी की ब्लाक नंबर 27 में ही है। कॉलोनी की चौथी मंजिल पर मायका है और ब्लॉक के नीचे ससुराल है। पोस्टमॉर्टम हाउस पर मौजूद मृतका की पुत्री ने बताया कि उसकी मां का किसी के साथ प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी पिता को हुई तो कई बार दोनों के बीच विवाद भी हुआ। बताया कि मां के फोन में पिता ने कुछ फोटो भी देखी थी, जिससे दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे पिता अंशुल उसकी मां को नानी के कमरे से अपने साथ ले जाने की बात कर रहे थे, लेकिन मां उनके साथ आने को तैयार नहीं थी। इससे गुस्साए पिता ने उसके सामने ही मां के गले पर चाकू मार दिया। दूसरा वार उसके गाल पर किया। चाकू के प्रहार से खुशबू लहूलुहान हो गई। चश्मदीद पुत्री के मुताबिक उसने कॉलोनी के लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। पुत्री ने बताया कि विवाद के कारण मम्मी और पापा के बीच तलाक होने वाला था। तलाक होता इससे पहले ही पापा ने मम्मी को मार डाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल खुशबू को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी अंशुल के पास से आलाकत्ल बरामद करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है।
13 साल की थी लव मैरिज
गढ़ी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी अंशुल ने खुशबू के साथ करीब 13 साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ साल के बाद दोनों को एक बेटी और बेटा हुआ। सब कुछ सामान्य चल रहा था। इस बीच खुशबू का संबंध एक युवक के साथ हो गया। परिजनों के मुताबिक अंशुल को शक था कि उसका राघव नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी के चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment