खाला से मिलकर देश बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी भावुक हो गई। गले मिलकर मौसी के हालचाल लिए।
हमीरपुर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड एवं पुनर्वास कार्यालय की ओर से शनिवार को पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहीदों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सैनिकों की पत्नी व माताओं को वीर नारी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर ब्रिगेडियर अतुल कुमार ने सैनिकों के लिए मेडिकल व कैंटीन सुविधा दिलाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम में कर्नल सोफिया कुरैशी की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में हमीरपुर की 22 वीर नारियों को सम्मानित किया। इसके अलावा बांदा जनपद की दो वीर नारियों और 15 पूर्व सैनिकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर सुमीत रावत को 400 पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याएं बताईं। स्टेशन हेडक्वार्टर के कैप्टन आईएन हरविंदर सिंह संधू, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन सुनील गुप्ता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं 12 मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुधीर कुमार, मेजर केपी शिलायन, सूबेदार मेजर देशपाल, नायब सूबेदार भरत, नायब सूबेदार राजेश के अलावा विनोद परिहार मौजूद रहे।ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी देकर देश की बेटी का तमगा पाने वाली विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित कर्नल सोफिया कुरैशी हमीरपुर में अपनी खाला (मौसी) जन्नतुन खातून से मिलीं। इस दौरान वह भावुक हो गई। मौसी के गले मिली और उनसे लिपट गई। हाथ पकड़कर उन्हें बैठाया। मौसी ने भी देश का नाम रोशन करने वाली बिटिया को दुलार किया और खैरियत जानी। सोफिया ने मौसी और मामा के साथ उनके बच्चों से अपने बचपन की यादों को ताजा कीं। उन्होंने कहा कि जब वह तीन साल की थीं तब यहां आई थीं। इस दौरान अपनी मां से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बात भी कराई। मौसी की नातिन व नाती से पढ़ाई लिखाई के बारे में जाना। मौके पर मौसेरे भाई समेत असरफ, मुहम्मद ईशाहक, अरसद मौजूद रहे।