गैस की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ाई से नजर रखें। जहां कही भी ओवर रेटिंग की सूचना मिले तत्काल छापेमारी करें। उपरोक्त निर्देश कमिश्नर ने समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों को दिए।
आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार तथा डीआईजी राजेश एस ने हमीरपुर जनपद के तहसील मौदहा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी। आयुक्त अजीत कुमार तथा उप महानिरीक्षक,चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. ने कई मामले भी निपटाए।। इस दौरान अधिकारियों के द्वारा दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। समाधान दिवस में लगभग 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आयुक्त ने उप जिलाधिकारी मौदहा को निर्देशित किया कि सभी प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कर तीन दिवस के भीतर आख्या आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। आयुक्त ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर जन समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन के प्रति जन विश्वास मजबूत हो। साथ ही राजस्व अधिकारियों को एलपीजी गैस गोदामों का नियमित निरीक्षण करने तथा काला बाजारी या ओवर रेटिंग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।