गोरखपुर-प्रेमी के छोड़कर भागने के बाद होटल मालिक व मैनेजर तीन दिनों तक किशोरी के साथ करते रहे दरिंदगी,फिर बेंचा

SHARE:

नाबालिग प्रेमी से मिलने होटल गई किशोरी के साथ होटल मालिक व मैनेजर ने दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे बेंच दिया। स्पा सेंटर के मैनेजर ने भी उसके साथ रेप किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गोरखनाथ क्षेत्र के अंतर्गत किशोरी को पहले गीडा इलाके के एक होटल में तीन दिन तक बंधक बनाया गया। इसके बाद बड़हलगंज के एक स्पा सेंटर में बेच दिया गया। आरोप है कि गोरखनाथ थाना पुलिस ने 20 जनवरी को किशोरी को नौसड़ के एक होटल से खोज निकाला। लेकिन मामला दबाए बैठी रही। किशोरी की मां ने एसपी सिटी से शिकायत की तब पुलिस ने शनिवार को होटल के मालिक धीरेंद्र सिंह, मैनेजर आदर्श पांडेय और स्पा सेंटर के मैनेजर अंकित कुमार को गिरफ्तार किया।
एक किशोर को भी पकड़ा गया है, जो किशोरी का प्रेमी बताया जा रहा है। वहीं दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि किशोरी का कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में मामला बढ़ाया जाएगा। पांच जनवरी को किशोरी रहस्यमय हालात में लापता हो गई थी। परिजन जब गोरखनाथ थाने पहुंचे तो पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस के मुताबिक, किशोरी को पहले गीडा के एक होटल में बंधक बनाया गया, जहां तीन दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया। किशोरी का आरोप है कि उसकी हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे दवा भी खिलाते रहे। इसके बाद उसे बड़हलगंज के स्पा सेंटर में बेच दिया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक रखा गया। तबीयत खराब होने पर आरोपी उसे फिर अन्य होटलों में छिपाकर रखने लगे। उधर, किशोरी की मां ने एसपी सिटी से मिलकर शिकायत की तो उन्होंने जांच कराई। इसके बाद मामला परत दर परत खुलता गया। इसके बाद मामले में कार्रवाई की गई।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि लापता किशोरी को खोज लिया गया है। किशोरी से पूछताछ के आधार पर होटल मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दो अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि किशोरी छह माह से अपनी मां के मोबाइल के जरिये शाहपुर निवासी किशोर से संपर्क में थी। घर से निकलते वक्त उसने इंस्टा अकाउंट को लॉक कर दिया था। पुलिस ने जब किशोरी की मां के मोबाइल से किशोरी का सोशल अकाउंट खंगाला तो इंस्टा के जरिये किशोर से बातचीत होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने किशोर को दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस होटल तक पहुंच गई। वहां से किशोरी की लोकेशन मिली। पुलिस ने किशोरी को नौसड़ स्थित होटल से सकुशल बरामद कर लिया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment