शराब पीने के बाद प्रेमिका ने प्रेमी को थप्पड़ मार दिया। गुस्साये प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी और नशे की हालत में शव के पास ही सो गया। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के सिहानी गेट स्थित रॉयल किंग होटल में सफाईकर्मी प्रवीन और आरती ने पहले शराब पी। नशा होने पर आरती ने प्रवीन से शादी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरती ने प्रवीन को थप्पड़ जड़ दिया। जिसके बाद प्रवीन ने लात-घूसों और कोहनी से तब तक प्रहार किए तब तक उसकी सांसे नही थम गई। उसके बाद नशे की हालत में आरती के शव के पास ही आरोपी सो गया। सुबह जब आरती में कोई हलचल नहीं हुई तो पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आरती के फेफड़े और लिवर फटने से मौत का कारण दर्शाया गया है। इसके साथ ही पसलियों में कई फ्रैक्चर होने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस ने हत्यारोपी प्रवीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने बताया कि आरती की शादी रोहित कुमार निवासी कोटगांव से हुई थी। रोहित और आरती के दो बेटे भी हैं। दो वर्ष पूर्व बीमारी के चलते रविंद्र की मौत हो गई थी। उसके बाद से आरती को नशे की लत लग गई। जिसके चलते रविंद्र के परिजनों ने आरती को घर से निकाल दिया था। आरती का खर्च आरोपी प्रवीन ही चलाता था। 10 जनवरी की शाम को दोनों होटल में पहुंचे और शराब पी। आरती ने प्रवीन से शादी करने का दबाव बनाया। शादीशुदा प्रवीन ने शादी करने से इनकार कर दिया। पूछताछ में आरोपी प्रवीन ने बताया कि आरती ने नशे की हालत में उसे तमाचा जड़ दिया और मुंह नोच लिया। इससे गुस्साए प्रवीन ने लात-घूसों और कोहनी से आरती पर कई वार किए। जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद प्रवीन ने शराब पी और शव के पास ही सो गया।हालांकि प्रवीन को एहसास नहीं था कि आरती की मौत हो चुकी है। सुबह प्रवीन ने आरती को जगाना चाहा तो उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। जिसके बाद प्रवीन ने खुद ही डायल-112 पर पुलिस को कॉल कर घटना के संबंध में जानकारी दे दी। एसीपी ने बताया कि आरती के गलत आचरण और नशे का आदी होने के चलते परिजनों ने उससे नाता तोड़ लिया था। आरती के दोनों बेटे अपने चाचा के पास रहे हैं। होटल में शव मिलने की सूचना पर उसके परिजनों ने पंचायतनामा भरवाने से इनकार कर दिया। हालांकि काफी मान-मनोव्वल के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस से शव को ले गए। आरती के बेटे दक्ष की तहरीर पर आरोपी प्रवीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।