झांसी में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की कार से पुलिस को चार मोबाइल फोन, अंग्रेजी की दो किताबें और चार जोड़ी चप्पलें मिली हैं। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस बरामद सामान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हादसे के हर पहलू की जांच में जुटी है।
झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी हाईवे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में प्रयागराज निवासी और माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद तथा उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई। सोनू को राजा का बेटा बताया गया है। हादसे में कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि शुरुआती जांच में चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। वहीं, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना कानपुर-झांसी हाईवे पर पूंछ क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार काफी अधिक होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, अबान अहमद अपने भाई से मिलने झांसी जा रहा था, जो वर्तमान में झांसी जेल में बंद है। हादसे के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने क्षतिग्रस्त कार की बारीकी से जांच की। कार से मिले चार मोबाइल,किताबें और चप्पलें
तलाशी के दौरान पुलिस को कार से चार मोबाइल फोन, अंग्रेजी की दो किताबें, चार जोड़ी चप्पलें समेत अन्य सामान मिला। बरामद सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मोबाइल फोन का डाटा खंगाल रही है, ताकि हादसे से पहले अबान और उसके साथियों की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके। हादसे में घायल मोहम्मद उमर, जो अबान का दोस्त भी है, ने पुलिस और पत्रकारों को बताया कि कार काफी तेज रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन डिवाइडर से जा टकराया। पुलिस का कहना है कि घायल यात्रियों के बयान, फोरेंसिक जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार से बरामद सामान की भी जांच की जा रही है, ताकि हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।