राहगीरों के साथ अभद्रता कर रहे लोगो को समझाने पहुंची पुलिस पर भीड़ ने पथराव कर दिया। जिसमें दरोगा सहित चार कर्मी घायल हो गए। वही सिपाही सहित 13 लोगो को मुकदमे में नामजद किया गया है।
फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में राहगीरों से अभद्रता की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हमले में एसएसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने 13 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर–मंडराव मार्ग पर बुधवार की देर शाम छोटेलालपुर गांव के कुछ लोग सड़क से गुजर रहे राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अपशब्द बोल रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर सरकंडी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को ऐसा करने से मना किया। इस दौरान कुछ ग्रामीण चौकी इंचार्ज से उलझ गए और कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ती देख चौकी इंचार्ज ने कोतवाल हेमंत मिश्रा को सूचना दी। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस के पहुंचते ही कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव की घटना में कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वृंदावन राय, सरकंडी चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह, सिपाही रामप्रकाश और सिपाही रमाकांत घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। हमले के दौरान चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह की वर्दी भी फट गई, जबकि एसएसआई वृंदावन राय के हाथ, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोपियों में गांव का ही रहने वाला मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार भी शामिल है।