मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने कुख्यात अपराधी सुंदर भाटी के गैंग के दो सदस्यों को पकड़ा है। जिनके कब्जे पिस्टल भी बरामद हुई है।
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने रविवार रात मुठभेड़ के दौरान कुख्यात माफिया सुंदर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कमबक्शपुर गांव निवासी धर्मेन्द्र उर्फ डीके (32) व दिल्ली निवासी अर्जुन (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि रविवार की रात सूचना मिली थी कि शासन द्वारा चिन्हित माफिया सुंदर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में यमुना पुस्ता के पास गांव घरबरा क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थाना इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र उर्फ डीके और अर्जुन के रूप में हुई है। पुलिस ने धर्मेंद्र के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। जिनका उपयोग पुलिस पर फायरिंग में किया गया था। वहीं अर्जुन के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। धर्मेंद्र उर्फ डीके के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में इकोटेक-1 कोतवाली में उसके खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा वर्ष-2016 में बीटा-2 कोतवाली में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। वहीं दूसरे आरोपी अर्जुन के खिलाफ भी इकोटेक-1 कोतवाली में पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी सुंदर भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने अभियुक्तों जो जेल भेज दिया है।