कानून की पैरवी करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता की अपहरण के बाद हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद अधिवक्ताओं और परिजनों में आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
जालौन के कालपी बार संघ अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार (70) को शनिवार शाम मुकदमे की फाइल देने के बहाने कानपुर-झांसी हाईवे स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे पर बुलाया गया था। वहां बिना नंबर प्लेट की सफेद कार सवार लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया। रविवार को उनका शव कानपुर के गुजैनी क्षेत्र की नहर से बरामद हुआ।
बेटे के सामने कार में बैठाकर किया अपहरण
कालपी कोतवाली क्षेत्र के कागजीपुरा निवासी गयादीन अहिरवार शनिवार को उरई न्यायालय में मुकदमों की पैरवी के लिए गए थे। उनके बेटे हर्षमित्रा के मुताबिक, दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पिता ने फोन कर उन्हें मुन्ना फुल पावर चौराहे से स्कूटी पर ले जाने को कहा। उन्होंने दुर्गा मंदिर के पास एक मुवक्किल से मुकदमे की फाइल लेने की बात बताई थी। बेटा उन्हें लेकर दुर्गा मंदिर चौराहे पहुंचा तो वहां बिना नंबर प्लेट की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी थी। कार में तीन लोग सवार थे। दो युवक नीचे उतरे और गयादीन से चाय-नाश्ता करने को कहा। इसके बाद फाइल देने की बात कहकर उन्हें कार में बैठाया और आलमपुर चौराहे की ओर निकल गए।
हर्षमित्रा ने स्कूटी से कार का पीछा किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से निकल गए। देर रात तक पिता का मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। गुजैनी नहर से बरामद हुआ शव
पुलिस ने तलाश के लिए टीमें गठित कीं। रविवार को हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के बाद गुजैनी नहर से गयादीन अहिरवार का शव बरामद किया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जालौन के पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक, हत्या के पीछे जमीन विवाद सामने आया है। पुलिस तीन संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। मामले में कॉल डिटेल और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। 45 साल की वकालत, चौथी बार बने थे अध्यक्ष
गयादीन अहिरवार वर्ष 1981 से सिविल और आपराधिक मामलों की पैरवी कर रहे थे। आठ मई 2026 को हुए कालपी बार संघ चुनाव में वह चौथी बार अध्यक्ष चुने गए थे। उनकी हत्या से अधिवक्ता समुदाय में शोक और आक्रोश है। परिजनों ने घटना के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। परिवार में शोक, अधिवक्ताओं में आक्रोश
गयादीन अहिरवार के परिवार में पत्नी राजेश्वरी, बेटे सौरभ और हर्षमित्रा तथा बेटियां संघमित्रा और मणिमित्रा हैं। परिजनों के लिए यह घटना गहरा सदमा है। अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ साथी की हत्या पर दुख जताते हुए मामले में कठोर कार्यवाही की मांग की है।