मारपीट के बाद एक महिला ने कथित तौर पर तमंचा निकालकर सामने वाली महिला पर तान दिया और जान से मारने की धमकी दे डाली। धमकी से सहमी पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की तो मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। अगले ही दिन पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद कर लिया।
बांदा के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लामा गांव में 3 सितंबर को परिवार की ही दो महिलाओं के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रिंकू ने उमा के साथ मारपीट की और इसके बाद अवैध तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उमा की सूचना पर पुलिस ने 4 सितंबर को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी। 5 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस टीम ने आरोपी रिंकू पत्नी रामरुचि निवासी लामा थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी महिला के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में मुकदमा अपराध संख्या 239/26 के तहत धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज है। तमंचा बरामद होने से बढ़ी गंभीरता
मारपीट और धमकी के मामले में आरोपी महिला के पास से अवैध तमंचा बरामद होने के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की कार्रवाई भी की है। पुलिस के मुताबिक बरामद हथियार 315 बोर का है। इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौबे, उपनिरीक्षक रवि कुमार मेहता, कांस्टेबल राहुल कुमार और महिला कांस्टेबल महिमा भारती शामिल रहीं।