आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल द्वारा तहसील,नगर पंचायत,विकासखंड कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्यायें सुनी।
आयुक्त अजीत कुमार ने सोमवार को जनपद बाँदा के तहसील बबेरू,नगर पंचायत,विकासखंड,ग्राम पतवन तथा विकासखंड तिंदवारी का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं एवं संचालित शासकीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई,पेयजल, बैठने की व्यवस्था,जन प्रसाधन एवं वाहन पार्किंग की व्यवस्था ठीक ठाक मिली। तहसील बबेरू निरीक्षण के दौरान उपस्थित उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि पीठासीन अधिकारी नियमित रूप से बैठकर राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों का नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पारित निर्णयों को आरसीएमएस पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने एवं राजस्व कर्मियों के कार्यों की सतत समीक्षा करने के आयुक्त ने निर्देश दिए। कमिश्नर ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव,वादकारियों की सुविधा एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।इसके उपरांत नगर पंचायत बबेरू के निरीक्षण के दौरान में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि नगर क्षेत्र में नियमित रूप से नालियों एवं सड़कों की सफाई,स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव,एंटीलार्वा फॉगिंग,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कूड़ा संग्रहण की प्रभावी निगरानी की जाए। साथ ही ऑफलाइन एवं ऑनलाइन प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायत निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। विकासखंड बबेरू कार्यालय के निरीक्षण में समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए तथा परिसर की व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत नोटिस सुनवाई कार्य की समीक्षा करते हुए बताया गया कि आज कुल 36 नोटिसों की सुनवाई की गई है। आयुक्त ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अवशेष नोटिसों के निस्तारण हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करें। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, गौशाला संचालन,मनरेगा तथा स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा कर लाभार्थियों को समय से लाभान्वित कराया जाए। निरीक्षण के पश्चात आयुक्त ने ग्राम पतवन में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्रामीण वासियों द्वारा सचिव के ऊपर ग्राम में नियमित रूप से न आने तथा समस्या का निस्तारण न करने का आरोप लगाया गया। इस पर आयुक्त द्वारा गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही किये जाने हेतु खण्ड विकास अधिकारी, बबेरू को निर्देशित किया। साथ ही निर्देशित किया गया कि पात्र व्यक्तियों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित प्रकरणों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु उपजिलाधिकारी बबेरू को निर्देशित किया गया। ग्रामीणों से संवाद करते हुए शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसहभागिता पर जोर दिया गया। इसके पश्चात विकासखंड तिंदवारी कार्यालय में एसआईआर-2026 के अंतर्गत नोटिस सुनवाई कार्य का निरीक्षण किया गया।