साइबर पुलिस में फर्जी जीएसटी तथा क्यूआर कोड के जरिए ऑनलाइन सामान की बुकिंग करने वाले जालसाजों के गिरोह को पकड़ा है। जिनके कब्जे से फर्जी आधार कार्ड सहित तमाम दस्तावेज बरामद हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाए जा रहे जीरो टॉलेरेंस टू वर्ड फ्रॉडस्टर्स नीति के क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में व अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज तथा क्षेत्राधिकारी साइबर सौरभ सिंह के निकट पर्यवेक्षण में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना साइबर क्राइम द्वारा फर्जी दस्तावेजों व डिजिटल माध्यमों से की जा रही ऑनलाइन साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का सफल अनावरण करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि मंगलवार को भगत सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह निवासी जवाहर नगर थाना कोतवाली नगर द्वारा थाना साइबर क्राइम पर सूचना दी गई कि उसका मित्र वरूण अग्रवाल पुत्र शिवकुमार निवासी कानपुर नगर जो कि बालाजी ट्रेर्डस के प्रोपराइटर है। के द्वारा बताया गया कि उनके GST के फर्जी कागजात बनाकर/उपयोग कर अनिल व चंद्रकिशोर निवासीगण तिंदवारा थाना कोतवाली नगर द्वारा लोगों को ऑनलाइन सामान बेचने का प्रलोभन देकर साइबर ठगी की जा रही है। प्रकरण की गंभीरता को देखते सूचना पर तत्काल थाना साइबर क्राइम बांदा पर अभियोग पंजीकृत करते हुए साइबर थाना की टीम द्वारा डिजिटल ट्रैकिंग, मोबाइल विश्लेषण तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संकलन कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में बुधवार को मुखबिर की सूचना तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों को तिंदवारा बाइपास के पास गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करते हुए अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा कूटरचित आधार कार्ड, फर्जी पैन कार्ड, अवैध रूप से तैयार QR कोड तथा GST नंबर का दुरुपयोग कर आम नागरिकों को ऑनलाइन सामान बेचने का झांसा देकर उनसे धनराशि की ठगी करते थे । गिरफ्तार अभियुक्तों कि निशांदेही पर भारी मात्रा में फर्जी एटीएम कार्ड, पासबुक,आधार-पैन, स्वाइप मशीन,मोबाइल फोन,लैपटॉप,मॉनिटर, फिंगर प्रिंट स्कैनर व अकाउंट किट तथा सिम कार्ड किट बरामद हुए है।गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम राजेश चन्द्र मिश्रा,उप निरीक्षक आकाश शुक्ला,आरक्षी विनोद कुमार,हिमांशु वर्मा,ललित कुमार शामिल रहे।