राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन और कार्यशैली में अपनाकर जनसेवा को और प्रभावी बनाया जा सकता है। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर निर्णय लेने से जनहित की दिशा स्पष्ट होती है। दृष्टिबाधित विद्यालय के बच्चों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे गए फल-मिष्ठान
गांधी जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मरीजों एवं तीमारदारों को फल और मिष्ठान वितरित किए। मरीजों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का सम्मान
जिलाधिकारी अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से सेवा भावना के साथ रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक माया शंकर यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।