बाँदा-तीन साल की मासूम घर के बाहर से लापता, गड्ढे में मिला शव

SHARE:

घर के बाहर खेलते समय लापता हुई तीन वर्षीय मासूम का शव शुक्रवार सुबह घर के पास ही पानी से भरे गोबर के गड्ढे में उतराता मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने पहले अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की थी। अब पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
घर के बाहर खेल रही थी बच्ची
कमासिन थाना क्षेत्र के अछरील गांव निवासी विकास सिंह की तीन वर्षीय बेटी परी गुरुवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच घर के बाहर खेल रही थी। उसकी मां मंजू उस समय घर के अंदर काम कर रही थीं। इसी दौरान अन्य बच्चों ने घर पहुंचकर बताया कि परी बाहर दिखाई नहीं दे रही है। मां ने तत्काल बच्ची की तलाश शुरू की। इसके बाद ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए, लेकिन देर रात तक बच्ची का पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह परिजनों ने मामले की जानकारी कमासिन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। इसी दौरान घर के पास बने गोबर के पानी भरे गड्ढे में बच्ची का शव उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे बाहर निकलवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई की। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्ची की मौत गड्ढे में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई