घनश्याम यादव हत्याकांड में फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपियों को तालबेहट पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग के दौरान जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैरों में गोली लगी है। आरोपियों के कब्जे से तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
ललितपुर जनपद के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के राजघाट साउथ नहर के पास मंगलवार तड़के वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धनपुरा निवासी इंदल यादव (26), इलाइट क्षेत्र निवासी पुष्पराज उर्फ राजराज (29) और जाखलौन थाना क्षेत्र के बंदरगुढ़ा निवासी दीपक यादव (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। गौरतलब है कि 28 जुलाई को आईटीआई कॉलेज के पास घनश्याम यादव, उनके पुत्र कृष्णपाल और पत्नी गुड्डी पर जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल घनश्याम यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में सात नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मुठभेड़ के बाद तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कहा कि आगे कि कार्यवाही जारी है।