फर्जी कंपनी बनाकर जीने मरने के फायदे बताने के बाद लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में पुलिस ने अंतर्जनपदीय जालसाजों को पकड़ा है। जिनके पास से 1 लाख 60 हजार से अधिक की नगदी व कंप्यूटर आदि बरामद हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाये जा रही जीरों टॉलरेंस टू वर्ड फ्रॉडस्टर्स नीति के क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज,सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर मेविस टॉक के पर्यवेक्षण थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा फर्जी कम्पनी चलाकर लोगो से झूठी पॉलिसी बताकर फर्जी लोन व कम्पनी से जुड़ने दुर्घटना/हेल्थ बीमा अनिवार्य कराने हेतु लाखों रुपये लेकर फरार होने वाले तीन अन्तर्जनपदीय जालसाजों को गिरफ्तार किया है। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि विगत 26 नवंबर को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र की रहने वाली आरती मिश्रा व फ्रॉड का शिकार समूह की आधा सैकड़ा महिलाओं ने बताया गया कि 03 लोगो द्वारा एक फर्जी समूह कम्पनी श्री रामनिधि फाइनेन्स खोलकर लोगों को 70 हजार रुपये का लोन देने की बात व प्रतिमाह 3500 रुपये किस्त देने की बात कही गई थी। साथ ही बताया गया कि लोन लेने से पूर्व हमारी कम्पनी से जुड़ने व दुर्घटना/हेल्थ बीमा कराने हेतु 3500 रुपये प्रति व्यक्ति लेकर फरार हो गए है। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर पर प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर अभियुक्तों को बड़ा बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ कि गई तो अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि वह फर्जी कम्पनी श्री रामनिधि फाइनेन्स समूह जो कि बांदा जनपद के आर.टी.ओ. चौराहा के पास ऑफिस खोला गया था। अपना फर्जी नाम व फर्जी आधार कार्ड का प्रयोग कर घटना को अंजाम दिए थे। साथ ही बताया कि लोगो से फर्जी लोन देने के बहाने से लोन देने से पहले कम्पनी से जुड़ना व दुर्घटना/हेल्थ बीमा कराने हेतु पहले ही 3500 रुपये जमा करने को कहते थे और जब पैसा आ जाता था तब रातों-रात कम्पनी आदि बंद कर स्थान बदल दिया करते थे। उनके द्वारा पहले भी कई अन्य जनपदों में इस तरह की घटनाओ को अंजाम दिया जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त विष्णु प्रकाश पुत्र जयनाथ निवासी ग्राम सुनरा थाना कोतवाली नगर जनपद महाराज गंज,धीरेन्द्र पुत्र रामनरेश निवासी ग्राम रुद्रापुर थाना कोतवाली नगर जनपद महाराज गंज,सर्वेश पुत्र लालबाबू निवासी ग्राम हर्दी थाना निचलौल जनपद महाराज गंज के कब्जे से जालसाजी के 1 लाख 60 हजार 650 रुपये पुलिस ने नगद बरामद हुये है। पुलिस द्वारा कड़ी से कड़ी जोड़कर अन्य जानकारी प्राप्त की जा रही है कि अभियुक्तों द्वारा और कहां- कहां इस प्रकार की घटनाओं को कारित किया गया व इसमें अन्य और कितने सदस्य शामिल है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बलराम सिंह,चौकी प्रभारी मण्डी समिति आशुतोष त्रिपाठी,उप निरीक्षक गजेन्द्र सिंह,आरक्षी प्रशान्त कुमार,चन्दन सिंह,अनुराग यादव,सतीश कुमार शामिल रहे।