बाँदा-पेंशनरों का जमा होगा जीवित प्रमाण पत्र, कोषागार में चल रही प्रक्रिया

SHARE:

पेंशनरों को पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे, इसके लिए जीवित प्रमाण पत्र जमा कराने की प्रक्रिया चल रही है। कोषागार में विभागवार पटल के माध्यम से प्रमाण पत्र संबंधी कार्य किया जा रहा है। पेंशनरों की सुविधा के लिए ऑनलाइन एप के जरिए भी जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की व्यवस्था उपलब्ध है।
जिले में कुल 10,995 पेंशनर हैं। इनमें 6,653 नियमित पेंशनर और 4,342 पारिवारिक पेंशनर शामिल हैं। विभागवार आंकड़ों के अनुसार सिविल राज्य कर्मचारियों के 6,306, शिक्षा विभाग के 3,851, सेना एवं रक्षा विभाग के 92, पूर्व विधायकों के 22, विद्युत विभाग के 273, अन्य राज्य विभागों के 134 और रेलवे के एक पेंशनर का जीवित प्रमाण पत्र जमा होना है। इसके अलावा राष्ट्रीय पेंशन योजना के 296, खादी ग्रामोद्योग के नौ, न्यायिक अधिकारियों के छह, स्थानीय निकाय के दो और अरबी-फारसी मदरसा के तीन पेंशनर शामिल हैं। शिक्षा विभाग के पेंशनरों से संबंधित कार्य कोषागार के पटल पर अजय कुमार लेखाकार द्वारा किया जा रहा है। पेंशनरों के जीवित प्रमाण पत्र प्राप्त करने और संबंधित प्रक्रिया पूरी कराने का काम विभागवार किया जा रहा है।
पेंशनरों को न किया जाए परेशान
मुख्य कोषाधिकारी विनोद कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी पटल पर आने वाले पेंशनरों को परेशान न किया जाए। उनके कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगवाए जाएं। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
ऑनलाइन एप से भी जमा कर सकते हैं प्रमाण पत्र
कोषाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पेंशनर कोषागार पहुंचने के अलावा ऑनलाइन एप के माध्यम से भी अपना जीवित प्रमाण पत्र भरकर जमा कर सकते हैं। इससे कार्यालय आने की आवश्यकता कम होगी और पेंशनरों को घर बैठे ही प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा मिलेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई