घरेलू कलह को लेकर महिला ने अपनी पांच साल की बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया। इसके बाद खुद भी नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया। राहगीरों ने देखा तो उसे पकड़कर उसकी जान बचाई। सूचना पर तत्काल सीओ बबेरू,थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने एसडीआरएफ तथा गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बृजराज यादव निवासी ऊसरा पुरवा थाना मरका ने अपनी बेटी रूबीना की शादी वशिस्टन पुरवा मजरा मऊ थाना मरका निवासी राजू यादव के साथ की थी। रूबीना के एक पुत्र व एक पुत्री है। लगभग पांच साल पहले ससुराल वालों से रूबीना का विवाद हो गया था। तब से वह अपने मायका में दोनों बच्चों के साथ रह रही थी। शुक्रवार की शाम घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच रूबीना गुस्से में आकर अपनी पांच साल की बेटी पिंकी को घर से लेकर निकल पड़ी और यमुना पुल से अपनी बेटी को नदी में फेंक दिया। बेटी को फेंकने के बाद खुद भी नदी में कूदने लगी। इसी बीच राहगीरों ने देख लिया तो उसे पकड़ लिया। पकड़ने के साथ उसकी जान भी बचा ली। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के मिलते ही सीओ बबेरू सौरभ सिंह तथा थानाध्यक्ष मिथलेश पटेल मौके पर पहुंचे। जहां अधिकारियों ने घटना का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ एवं गोताखोरों की मदद से बच्ची पिंकी की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक उसका सुराग नहीं लग सका है। सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि बच्ची की तलाश को लेकर कई टीमे लगी है। जल्द ही उसकी खोज की जायेगी।