होली त्योहार के दौरान संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स को तैनात किए जाने के साथ आपातकालीन सेवाओं को एक्टिव मोड में रखें। साथ ही मीडिया सेल के माध्यम अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए। उपरोक्त निर्देश डीआईजी ने बैठक के दौरान पुलिस कप्तानों को दिए।
परिक्षेत्रीय कार्यालय में आगामी होली पर्व को सकुशल,शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. ने होली पर्व के दौरान विशेष सावधानी बरतने की पुलिस कप्तानों को एलर्ट रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डीआईजी ने संभावित चुनौतियों,संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों की समीक्षा,पूर्व में घटित घटनाओं के विश्लेषण तथा आवश्यक निवारक उपायों पर विस्तृत चर्चा की। डीआईजी राजेश एस ने कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में सतत गश्त एवं पेट्रोलिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जुलूस मार्गों एवं प्रमुख चौराहों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण की जाएं। मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सक्रिय मॉनिटरिंग कर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्यवाही की जाए। इसके अलावा अराजक तत्वों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों एवं हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।डायल-112 एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को पूर्णतः सक्रिय मोड में रखा जाए। गंभीर अपराधों की विवेचना में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। प्रचलित अभियान ऑपरेशन कन्विक्शन में कार्यवाही के संबंध में और लम्बित प्रारम्भिक जांच एवं विभागीय जाँच कर कार्यवाही के सम्बन्ध में डीआईजी ने आवश्यक निर्देश-दिए। पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस के द्वारा निर्देशित किया गया कि त्योहार के दौरान प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।अधिकारियों को डीआईजी ने स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत डीआईजी राजेश एस ने
रेंज के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वह होली पर्व को प्रेम,सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाएँ। तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। जिससे त्योहार को सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।बैठक में अधीक्षक बांदा पलाश बंसल,पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरूण कुमार सिंह,पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉo दीक्षा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक महोबा प्रबल प्रताप सिंह व सहायक पुलिस अधीक्षक बांदा/ क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक व सहायक पुलिस अधीक्षक बांदा श्लोक गौतम उपस्थित रहे।