पूर्व शिक्षक विधायक तथा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने मूल्यांकन केंद्रों का दौरा करते हुए शिक्षकों की समस्याएं सुनी। साथ ही उनका निराकरण कराये जाने का भरोसा दिया। भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्म जोशी से स्वागत भी किया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं निवर्तमान शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन खण्ड के अंतर्गत जनपद के दोनों प्रमुख मूल्यांकन केंद्र-आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज एवं डी.ए.वी. इंटर कॉलेज का भ्रमण किया। भ्रमण मात्र औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षक-समाज के साथ आत्मीय संवाद,समस्याओं के समाधान और संगठनात्मक एकता के सशक्त प्रदर्शन का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। भ्रमण के दौरान सुरेश त्रिपाठी ने प्रत्येक केंद्र पर पहुंचकर शिक्षक एवं शिक्षिका बहनों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने मूल्यांकन कार्य की प्रगति का अवलोकन किया साथ ही कक्षाओं में जाकर शिक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता को भी परखा और खुले मन से उसकी सराहना की। शिक्षकों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और उनके उत्साह ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। “शिक्षक एका जिंदाबाद” के गगनभेदी नारों ने यह सिद्ध कर दिया कि संगठन की जड़ें आज भी मजबूत हैं और शिक्षक वर्ग अपने अधिकारों एवं सम्मान के प्रति पूरी तरह जागरूक है। इस अवसर पर शिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को बेबाकी से रखा। जिन्हें प्रदेश अध्यक्ष ने अत्यंत गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यह आश्वस्त किया कि शिक्षक हितों की रक्षा के लिए शासन स्तर पर ठोस एवं सकारात्मक पहल सुनिश्चित की जाएगी। उनका आश्वासन शिक्षकों के लिए विश्वास और संबल का स्रोत बना। अपने उद्बोधन में उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा,“हम शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। शिक्षक हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा। मेरे लहू का हर कतरा शिक्षकों के हितों में समर्पित है, और मेरे जीवित रहते हुए किसी भी शिक्षक का अहित नहीं होने दिया जाएगा।”यह कथन न केवल उनके संकल्प की दृढ़ता को दर्शाता है, बल्कि शिक्षक समाज के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर संगठन के मण्डलीय मंत्री मेजर मिथलेश पाण्डेय,प्रदेशीय कार्यकारिणी सदस्य पतिराखन सिंह,राजेश तिवारी,जिलाध्यक्ष राजकिशोर शुक्ल,जिलामंत्री राजा कैलाशचंद्र,बृजमोहन सिंह, कोषाध्यक्ष हरितांगर भारतीय,शिवदत्त तिवारी, डॉ. श्याम मनोहर राव, शिवदत्त गुप्ता,पंकज श्रीवास्तव,अजीत सिंह, रमेशचन्द्र,रामचंद्र सोनकर सहित आदि शिक्षक शामिल रहे।