बाँदा-महिला साहित्यकार को रामदास सिंह युवा कवयित्री सम्मान से किया गया सम्मानित

SHARE:

जनपद निवासी महिला साहित्यकार को लखनऊ में “रामदास सिंह युवा कवयित्री सम्मान” से सम्मानित किया गया है।
शहर के सुदामापुरी निवासी साहित्यकार एवं समाजसेविका वर्षा गुप्ता ‘संप्रभा’ को बी एम एन सेवा संस्थान, लखनऊ द्वारा “रामदास सिंह युवा कवयित्री सम्मान” से सम्मानित किया गया है। समारोह के दौरान देशभर से सैकड़ों प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई थीं। जिसमें से वर्षा गुप्ता का चयन उनकी उत्कृष्ट साहित्यिक उपलब्धियों एवं रचनात्मक योगदान के आधार पर किया गया। बी.एम.एन सेवा संस्थान, लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के निराला सभागार में सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोज कांत (निदेशक,राष्ट्रधर्म पत्रिका एवं सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख,आरएसएस) पवन सिंह (सदस्य विधान परिषद), कामेश्वर सिंह (अध्यक्ष,भाजपा किसान मोर्चा) श्रीप्रकाश गुप्ता (आईएएस) उपस्थित रहे। बता दें कि साहित्यकार वर्षा गुप्ता ‘संप्रभा’ साहित्य के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वह कंटेम्प्रेरी लिटरेरी सोसाइटी ऑफ अमलोर की अध्यक्षा हैं और पिछले कई वर्षों से साहित्य एवं समाजोन्मुखी गतिविधियों में निरंतर कार्यरत हैं। उनकी रचनाएँ मुख्यतः राष्ट्रप्रेम,मानवीय संवेदनाओं एवं आदर्श समाज-निर्माण को समर्पित रहती हैं। वह पूर्व में भी अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित भी की जा चुकी हैं। वह अपने पति डॉ. बृजेश कुमार गुप्ता को अपना प्रेरणास्रोत मानते हुए निरंतर साहित्य सेवा में संलग्न हैं। आयोजक/संयोजक अमित कुमार मल्ल ने कहा कि वर्षा गुप्ता ‘संप्रभा’ की रचनाएँ पाठकों के मन और हृदय को स्पर्श करती हैं। उनके जैसे साहित्यकार ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनते हैं और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को सशक्त करते हुए राष्ट्र को पुनः विश्वगुरु बनाने में योगदान देते हैं। वर्षा गुप्ता के दो हिंदी काव्य संग्रह — “प्रथम-अनंत-अदिति (अभिव्यक्ति मेरे अहसासों की)” तथा “वर्षा का काव्यपथ” — प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे कई पुस्तकों का संपादन भी कर चुकी हैं। तथा वर्तमान में भी संपादन कार्य में सक्रिय हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment