मध्यप्रदेश से गांजा लेकर जनपद में सप्लाई करने जा रहे बोलेरो सवार आठ गांजा तस्करों को पुलिस ने पकड़ा है। गाड़ी से 24 किलो गांजा,3.2 लाख नगदी के अलावा तीन तमंचे बरामद हुए हैं। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तस्करों को जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा जनपद बांदा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान “ऑपरेशन ईगल” के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के निकट पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में अतर्रा पुलिस टीम द्वारा 08 अन्तर्राज्यीय अवैध गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। सीओ अतर्रा प्रवीण कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात अतर्रा पुलिस को सूचना मिली कि डाक बंगला कस्बा अतर्रा के आगे एक चारपहिया वाहन में कुछ लोगों के द्वारा अवैध मादक पदार्थों की बड़े पैमाने पर खरीद/बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर जाकर घेराबन्दी करते हुए मौके से जयप्रकाश उर्फ छंगा पुत्र कुलदीप निवासी बछेही थाना गिरवां,आशीष पुत्र प्रमोद निवासी अत्रीनगर कस्बा व थाना अतर्रा,हरवंश पुत्र रमाकांत निवासी बाघा थाना बिसंडा,रुद्र पुत्र धीरेन्द्र निवासी बजरंग कस्बा व थाना अतर्रा,बसंत पुत्र रज्जन निवासी बाउर बाजार कस्बा व थाना अतर्रा,राज पुत्र संतोष कुमार निवासी सोनार गल्ली कस्बा व थाना अतर्रा,आदित्य उर्फ सूरज पुत्र गंगा निवासी बाघा थाना बिसंडा,विनय पुत्र दुलीचन्द्र निवासी बेकली कुइयां थाना बिसंडा को गिरफ्तार किया गया। हिरासत में लेकर बोलेरो की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 24 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा व 03 लाख 02 हजार 300 रुपए बरामद हुए। जिनमें अवैध सूखे गांजे की बिक्री के कुल 02 लाख 80 हजार रुपए तथा 22 हजार 300 रुपए जामा तलाशी में बरामद हुए है। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा अवैध गांजा मध्य प्रदेश से लाकर बांदा के विभिन्न क्षेत्रों सप्लाई/बिक्री की जाती है। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूंछताछ कर जानकारी की जा रही है कि इनके द्वारा किसके माध्यम से अवैध गांजे की खरीद/बिक्री/सप्लाई की जाती थी,उन सभी के खिलाफ भी विधिक कार्यवाही की जाएगी। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ऋषिदेव सिंह,मणिशंकर मिश्रा चौकी प्रभारी कस्बा अतर्रा,उप निरीक्षक प्रेम पाल सिंह,आरक्षी अजय कुमार प्रजापति,जंगबहादुर यादव,प्रशान्त यादव,श्रवण यादव,रितिक राय,सुधीर कुमार,हरनाथ शामिल रहे।