जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। कुल 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें तीन का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान महज कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि फरियादी को वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण राहत मिलनी चाहिए।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने तहसील बबेरू में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ अजय पांडेय, सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी, तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। खेतों में जलभराव पर डीएम सख्त, फसल बचाने को मौके पर भेजे अफसर
किसानों के खेतों में जलभराव की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी और एडीओ पंचायत को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण किसानों की फसल को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होना चाहिए। भूलेख संबंधी शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विकास कार्य में गड़बड़ी की शिकायत पर जांच का आदेश, चार दिन में रिपोर्ट तलब
विकास कार्य में अनियमितता से जुड़े पुराने मामले में कार्रवाई के बावजूद कार्यदायी संस्था का भुगतान लंबित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की। टीम को संबंधित अभिलेखों और मौके की स्थिति की जांच कर चार दिन के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता जरूरी है। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। नरैनी में एडीएम ने बोला धावा, कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण
अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने नरैनी तहसील में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई मामलों का मौके पर निस्तारण कराया और शेष शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए एसडीएम अंजली यादव को निर्देश दिए। इस दौरान सीओ प्रवीण कुमार, तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।