डीएम के निरीक्षण की सूचना के बावजूद सफाई लिपिक के गायब होने पर डीएम ने फटकार लगाने के साथ वेतन काटे जाने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी जे0रीभा के द्वारा नगर पालिका परिषद अतर्रा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की सूचना के बावजूद अवकाश पर चले जाने के लिए सफाई लिपिक के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करते हुए डीएम ने वेतन रोकने के निर्देश अधिशाषी अधिकारी को दिए है। निकाय कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों का अवलोकन जिलाधिकारी द्वारा किया गया। सेवा अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर तत्काल सेवा अभिलेख अद्यतन किए जाने के निर्देश अधिशाषी अधिकारी को दिए गए। निकाय के खराब हैण्डपम्पों को ग्रीष्म ऋतु से पूर्व रिबोर कराने एवं खराब वाटर टैंकर्स को ग्रीष्म ऋतु से पूर्व ठीक कराए जाने के निर्देश अधिशाषी अधिकारी को दिए गए। निकाय के अन्तर्गत कराए गए निर्माण कार्यों की जाँच हेतु लो०नि०वि० एवं ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग को निर्देश डीएम जे रीभा ने दिए। गृहकर सर्वे कराने एवं पालिका के नवीन भवन निर्माण हेतु कार्यवाही किए जाने के निर्देश अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद अतर्रा को दिए। निरीक्षण के दौरान पालिका अन्तर्गत आने वाले गौरा बाबा तालाब के सौन्दर्गीकरण कराने हेतु अधिशाषी अधिकारी को निर्देशित किया गया।जिलाधिकारी जे रीभा ने नगर पालिका परिषद, अतर्रा द्वारा संचालिका स्थाई कान्हा गौ-आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौआश्रय स्थल में गोवंशों की संख्या स्थान की उपलब्धता के सापेक्ष कम पायी गयी। जिससे जिलाधिकारी द्वारा गौआश्रय स्थल की क्षमता के अनुरूप निराश्रित गोवंशों को संरक्षित करने के निर्देश दिए। गोवंशों को हरा चारा उपलब्ध कराए जाने हेतु भूमि उपलब्ध कराये जाने के निर्देश नायब तहसीलदार अतर्रा को दिए। गौआश्रय स्थल में संरक्षित समस्त गोवंशों का इयर टैगिंग एवं समुचित चिकित्सा उपलब्ध कराए जाने, स्टाक रजिस्टर मेनटेन किए जाने एवं गोवंशों हेतु हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद अतर्रा को निर्देशित किया। गोवंशों के लिए पशु आहार,भूसा,गुड,नमक आदि की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।