बाँदा-शिक्षा विभाग की योजनाओं और व्यवस्थाओं की आयुक्त ने की समीक्षा

SHARE:

विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और शैक्षिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की जिम्मेदारी और विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के मंडलीय और जनपदीय अधिकारियों के साथ समग्र शिक्षा अभियान, पीएम श्री योजना, पीएम पोषण योजना, निपुण भारत मिशन, यू-डायस, विद्यालयों में निर्माण कार्यों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त अजीत कुमार ने निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाए। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।
कर्मचारियों के वेतन भुगतान में न हो देरी
आयुक्त ने निर्देशित किया कि दीपावली पर्व से पहले बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत सभी संविदा, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का नियमानुसार वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी कर्मचारी का देय वेतन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। निपुण भारत मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार, निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति और निपुण तालिका में वास्तविक उपलब्धियों का अंकन सुनिश्चित करने को कहा। बोर्ड परीक्षा से पहले निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा कराने के लिए विद्यालयवार कार्ययोजना तैयार कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। शिक्षक संकुल की बैठकें नियमित आयोजित करने और उनमें शैक्षिक समस्याओं के समाधान पर चर्चा करने के साथ शिक्षकों की क्षमता संवर्धन योजना प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।
यू-डायस में विद्यालयों और विद्यार्थियों से संबंधित आंकड़ों को अद्यतन रखने तथा त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड की उपलब्धता एवं उपयोग, ईसीसीई के अंतर्गत बालवाटिका का संचालन, आरटीई शुल्क प्रतिपूर्ति और अभिभावकों को डीबीटी के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित किए जाने की भी समीक्षा की गई।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर जोर
पीएम पोषण योजना के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित धनतेरस के दिन से सभी विद्यालयों में बच्चों को उपमा या हलवा निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से वितरित कराया जाए। भोजन स्वच्छ एवं पौष्टिक होना चाहिए। रसोइयों की व्यक्तिगत स्वच्छता, रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्यान्न की गुणवत्ता, भोजन की मात्रा और वितरण की नियमित निगरानी की जाए। रसोइयों की प्रतियोगिता आयोजित कराने की तैयारी भी सुनिश्चित की जाए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का पालन
जनपदों में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालयों का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर मानक के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करने तथा अनावश्यक विलंब या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था की जवाबदेही निर्धारित करने को कहा। माध्यमिक विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अवशेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, एनसीईआरटी सामग्री और अन्य शैक्षिक उपकरणों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इंटर कॉलेजों और जूनियर हाईस्कूलों में विज्ञान प्रयोगशालाओं को क्रियाशील रखने, पुस्तकालयों में पुस्तकों के उपयोग, पठन संस्कृति को बढ़ावा देने तथा खेल सामग्री के नियमित उपयोग के निर्देश दिए गए। राजकीय विद्यालयों में मिनी स्टेडियम की व्यवस्था और उपयोग की भी समीक्षा की गई।
शिक्षक और विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी
आयुक्त ने सभी अधिकारियों को बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिए। शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति, शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी पर बल दिया गया। प्रेरणा और परख मॉड्यूल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में आवश्यक सामग्री की खरीद, स्टाफ चयन, छात्राओं के नामांकन, उपस्थिति और पठन-पाठन की स्थिति की समीक्षा की गई। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा बीटीसी एवं बीएड प्रशिक्षुओं की इंटर्नशिप दिशा-निर्देशों के अनुसार कराने को कहा गया। जर्जर विद्यालय भवनों की नीलामी और ध्वस्तीकरण से संबंधित लंबित प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
सेवा संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण
शिक्षकों के सेवा अभिलेखों, वर्तमान एवं चयन वेतनमान, सेवानिवृत्तिक देयकों और लंबित एरियर के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। सौरभ कुमार सिंह प्रकरण के क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापकों के समायोजन और यू-डायस अद्यतन करने की कार्यवाही नियमानुसार पूर्ण कराने को कहा गया।
बैठक के अंत में आयुक्त ने सभी मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर शैक्षिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में किए गए नवाचारों की जानकारी संकलित कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षिक वातावरण और सुरक्षित विद्यालय परिसर उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई