बाइक की टक्कर से सहायक सचिव गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कानपुर लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतर्रा थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव निवासी प्रदीप ने बताया कि उसके 39 वर्षीय चाचा अनूप सिंह पुत्र हरि सिंह महुआ ब्लॉक में सहायक सचिव के पद पर तैनात थे। मंगलवार शाम काम निपटाने के बाद वह बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अतर्रा के इंजीनियरिंग कॉलेज के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनूप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से फरार हो गया। घायल को सीएचसी अतर्रा में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में सुधार न होने पर कानपुर ले जाने लगे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
अनूप सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अचानक हुई मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने हादसे के बाद मौके से फरार हुए बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।