बदांयू-चादर चढ़ाने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, झगड़े के दौरान गिरी दीवार

SHARE:

मजार पर चादर चढ़ाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि एकदूसरे पर पथराव करने के साथ तोड़फोड़ की गई। इस दौरान मजार की दीवार भी गिर गई।
बदायूं के थाना सहसवान क्षेत्र के गांव हिंडौर में बृहस्पतिवार को मजार पर चादर चढ़ाने को लेकर एक के ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते झड़प में बदल गया। दोनों तरफ से पथराव किया गया। इस दौरान मजार की दीवार भी ढह गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। दोनों पक्षों के 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सहसवान थाने के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, ग्राम हिंडौर में असलम पुत्र अख्तर के सहखातेदार मंजर पुत्र अख्तर, मुझक्किर पुत्र हाडे अली, अतहर पुत्र अफसर व मुताहिर पुत्र अफसर ने अपनी जमीन दूसरे पक्ष के असलम पुत्र इस्माइल को विक्रय कर दी थी। इसी जमीन पर एक पुरानी मजार बनी हुई है, जो असलम के घर से सटी हुई है और जिसका प्रवेश द्वार भी उनके घर की ओर है।
विवाद के दौरान गिरी मजार की दीवार
मजार की चारदीवारी भी कुछ वर्ष पूर्व असलम ने ही बनवाई थी। बृहस्पतिवार को मजार पर चादर चढ़ाने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। तोड़फोड़ और पथराव किया गया। विवाद के दौरान मजार की दीवार गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 12 लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था कायम है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment